Saturday, 13 June 2020

प्रयागराज में एक ही परिवार के तीन और सदस्य कोरोना वायरस से संक्रमित मिले



प्रयागराज,जेएनएन। 
जिले में यमुनापार के  बारा के चंदयावारी गांव के जिस युवक में 25 मई कोरोना पाजिटिव मिला था उसके परिवार के तीन और सदस्याें के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। युवक में कोरोना की पुष्टि होने के बाद उसके पिता, पत्नी व पुत्र को कालिंदीपुरम् क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था। मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलाजी लैब में उनके सैंपलाें की गुरुवार की जांच हुई तो उसमें यह तीनों पाजिटिव आ गए।

युवक 16 मई को अपने निजी कार से मुंबई से घर आया था। उसके साथ पिता, पत्नी व एक बेटा भी था। 25 मई को युवक का स्वास्थ्य खराब हुआ तो वह शहर के एक निजी अस्पताल में चेकअप के लिए गया था। वहां से एक निजी लैब में उसकी जांच कराई गई तो कोरोना पाजिटिव निकला। उसका एसआरएन में इलाज चल रहा है। पिता, पत्नी और बेटे को क्वारंटाइन कराके उनकी सैंपलिंग कराई गई तो गुरुवार को उनकी रिपोर्ट भी पाजिटिव आई। इन तीन लोगों को लेवल थ्री के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोरोना के जिला नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि एक ही परिवार के चार लोग कोरोना पाजिटिव मिले हैं यह मुंबई से आए हैं।